उस पुराने घर के भीतर
एक वृक्ष अब भी खड़ा है—
छाल पर बीते मौसमों की लिखावट,
जड़ों में अनाम प्रार्थनाओं-सी नमी।
कभी एक ही सुबह
उसकी शाख़ों पर उतरती थी;
एक ही हवा के होंठों से
सभी पत्ते हँसते थे;
धूप बिना दस्तक
एक डाल से दूसरी डाल तक जाती थी।
फिर किस ऋतु में
दिशाओं ने अपने नाम लिखे,
शाख़ों ने अपने आकाश नापे,
धूप के हिस्से हुए,
और तने की ख़ामोशी में
एक महीन दरार उतर आई।
धरती के गर्भ में
दो पुरानी जड़ें अब भी हैं—
अपनी समूची थकान के बावजूद
हर शाख़ तक रस पहुँचाती हुईं;
उन्हें शायद अब भी भ्रम है
कि ऊपर कहीं
सब पत्ते एक ही वृक्ष के हैं।
रसोई की दीवारों में
कुछ गंधें अब भी ठहरी हैं—
आधी रोटी की,
साझे निवाले की,
उस स्वाद की
जिसमें नमक कम,
मगर अपनापन बहुत था।
एक संदूक में
रेशम के कुछ धागे सो रहे हैं;
उनकी गाँठों में सावन है,
मेहँदी की फीकी सुगंध,
और एक कलाई का स्पर्श
जो कभी पूरे आँगन को बाँधता था।
अब हर शाख़
अपनी छाँह में पतझर ओढ़ती है;
एक पत्ता झरता है
तो दूसरी डाल तक
उसकी ख़बर नहीं पहुँचती;
हवा भी अब
किसी की होकर नहीं बहती।
सबसे पुरानी जड़ के ऊपर
एक सूखा पत्ता गिरा है—
आवाज़ कहीं नहीं हुई,
मगर मिट्टी की पलकों पर
रात भर नमी रही।
दरारें सब छाल पर नहीं होतीं;
कुछ रस की नसों में पलती हैं—
जहाँ से जीवन
एक-दूसरे तक पहुँचना छोड़ देता है।
किसी दिन
जब कोई अनजानी हवा
शाख़ों को पीछे मुड़ना सिखाएगी,
उन्हें वही पुराना तना दिखेगा,
जिसकी छाँव में
उनके पहले वसंत ने आँखें खोली थीं।
मगर तब तक
कितनी ऋतुएँ अनकही बीत चुकी होंगी,
कितनी पुकारें
बंद खिड़कियों से लौट आई होंगी,
कितनी प्रतीक्षाएँ
बिना नाम के मिट्टी हो चुकी होंगी।
उस पुराने घर में
वृक्ष अब भी खड़ा है—
न जड़ों ने मिट्टी छोड़ी,
न मिट्टी ने अपना पता;
केवल शाख़ों के बीच
एक-दूसरे तक जाती
वह पुरानी राह नहीं रही।
जड़ों के पास
दो बूढ़ी परछाइयाँ बैठी हैं—
उनकी आँखों में
अब भी एक ही आँगन हरा है,
जबकि ऊपर
पूरा वसंत दिशाओं में बँट चुका है।
-इक़बाल सिंह “राशा”
मनिफिट, जमशेदपुर, झारखण्ड


The Flower of Word by Vedvyas Mishra
The novel 'Nevla' (The Mongoose) by Vedvyas Mishra
The Flower of Word by Vedvyas Mishra







