दो विशाल पुंज अनंत पथ पर, निज यात्रा में लीन चले,
एक स्थिर ‘शिव’ आंतरिक रूप था, दूजा ‘शक्ति’ गतिशील चले।
हर रूप में ढलकर भी जो, अपना मूल न बदल सका,
लचीला, अटल, निराकार-सा, वही ‘शिव’ निज में अडिग चले।
दूजे में थी ऊर्जा, गति, और सूक्ष्म जटिलताओं का संसार,
सृजन, व्यवस्था, अंत और फिर, नव-संस्करण का विस्तार।
बाहर से जो एक दिखे थे, भीतर थी अद्भुत अनेकता,
दोनों अनजान थे निज भीतर से, और यात्रा थी मध्य आधार।
चलते-चलते सम्मुख आई, एक असीम, विराट दीवार,
हुआ टकराव, गूँजा विस्फोट, और रचा गया यह संसार।
कौन है यह बंधन, क्या है यह नियम, प्रश्न यही बस शेष रहा,
जिसके पार न जा सका कोई, वही ‘परब्रह्म’ है, वही मोक्ष का द्वार।
तीव्र गति है इस जग की, जहाँ प्रकाश वहाँ व्यवस्था है,
इस बहती धारा में प्राणी, बस एक क्षणिक अवस्था है।
न प्रश्न कोई, न कर्म कोई, बस एक ‘संदेह’ ही आधार बना,
जब रुका जगत उस संशय पर, तब जीव ने अपना अस्तित्व जना।
इस असीम व्यवस्था का कर्ता, न पक्ष कोई अपनाता है,
न सकारात्मक, न नकारात्मक, बस नियम-चक्र चलाता है।
सुख-दुख के सब अर्थ यहाँ, मानव ही स्वयं गढ़ लेता है,
पर व्यवस्थापक केवल अपनी, निस्पृह व्यवस्था निभाता है।
मानव ‘करता’ नहीं स्वयं कुछ, जीवन बस घटित यहाँ होता है,
कर्ता-भाव के बंधन में पड़, वह जीवन भर बोझ ढोता है।
‘करना’ तो बस अंतहीन क्रम, जिसका कोई मूल नहीं,
जो सहज भाव से एक बार ‘हुआ’, बस उसी में जीवन-सार सँजोता है।
- ललित दाधीच


The Flower of Word by Vedvyas Mishra
The novel 'Nevla' (The Mongoose) by Vedvyas Mishra
The Flower of Word by Vedvyas Mishra







