श्वेत धवल चांदनी
निशा गगन की रागिनी
उमंग लहर दामिनी
धरा को दिये जा रही
हिम झील में पली
श्वेत कंवल है खिली
वैसे नभ की ये लली
रूप पर इठला रही
तारे झुंड झुंड में
नभ की गली कुंज में
बंधी पुंज पुंज में
चंद्र को चिढ़ा रही
दुग्ध धारा नदियों की
जैसे घुंघरू परियों की
भरी रंग रैलियों की
प्रणय गीत गा रही
खेतों, मैदानों में
जंगलों, बागानों में
हिम के खजानों में
चुनरिया बिछा रही
चंचला चकोरनी
नृत्य रत्ना मोरनी
हंसनी मनमोहनी
चांद को रिझा रही
चंपा की कली कली
गांव की गली गली
बाल वृद्ध हली भली
मस्ती भरी जा रही।।
सर्वाधिकार अधीन है


The Flower of Word by Vedvyas Mishra
The novel 'Nevla' (The Mongoose) by Vedvyas Mishra
The Flower of Word by Vedvyas Mishra







