(बाल कहानी)
चाँद का सच
________
अयांश खिड़की के पास बैठा था। वह चाँद को बहुत ध्यान से देख रहा था। उसे चाँद बहुत सुंदर लग रहा था। वह सोच रहा था,'चंदा मामा कितने सुंदर हैं! खुद चमकते हैं, धरती को भी रोशनी देते हैं। इनके घर में ढेरों मिठाइयाँ होंगी। ये तो बहुत खाते होंगे। काश मैं भी उनके पास जाता। खूब मिठाई खाता। फिर चाँद की तरह मैं भी आसमान की सैर करता।"
उसी समय उसकी बड़ी दीदी शुभी आ गईं। उन्हें विज्ञान पढ़ने का बहुत शौक था। उन्होंने कहा, "अयांश, चाँद देख रहे हो।"
" हाँ" अयांश ने कहा।
"क्या इसके विषय में जानना चाहोगे?" शुभी ने पूछा।
"हाँ दीदी, बताओ इसकी हकीकत।"
फिर शुभी ने एक टॉर्च ली और एक बड़ी गेंद पर रोशनी डाली। गेंद चमकने लगी।
अयांश ने कहा, "ये क्या है दीदी ?"
शुभी ने कहा,"देखा तुमने? गेंद खुद नहीं चमक रही, टॉर्च की रोशनी से चमक रही है। चाँद भी ऐसे ही सूरज की रोशनी से चमकता है। वह खुद रोशनी नहीं देता।"
" मतलब " अयांश ने हाथ हिलाते हुए कहा, "सूरज टॉर्च है और चाँद गेंद है।"
" बिलकुल " शुभी ने कहा, "तुमने सही समझा।"
"और वहाँ क्या-क्या है?" अयांश ने पूछा।
" चाँद बहुत भद्दा है। वहाँ न हवा है, न पानी।" शुभी ने बताया, "वहाँ चारों तरफ धूल ही धूल है। बड़े-बड़े गड्ढे हैं। पत्थर हैं। वहाँ की जमीन ऊबड़-खाबड़ है।"
"क्या?"अयांश के मुँह से अनायास निकल गया।"वहाँ का मौसम कैसा है?"
शुभी ने कहा,"वहाँ दिन में बहुत गर्मी और रात में बहुत सर्दी होती है। वहाँ बिना स्पेस सूट के कोई नहीं रह सकता।"
यह सुनकर अयांश उदास हो गया। फिर मुस्कुराया, "यानी चंदा मामा के घर जाना बेकार है। उनका घर बहुत सुनसान है?"
शुभी बोली, "हाँ,वहाँ सुनसान है, पर वह भी हमारे जीवन के लिए जरूरी है। वह समुद्र की लहरों को खींचता है। रात को हल्की रोशनी भी देता है,और वैज्ञानिकों को अंतरिक्ष के बारे में बहुत सी जानकारियाँ भी प्रदान करता है।"
"मतलब चाँद भद्दा होते हुए भी बहुत सुंदर है।" अयांश ने कहा।
"हाँ, क्योंकि ये मानव जीवन के लिए अमृत बरसाता है।" शुभी ने कहा, "चाँद जादू नहीं, विज्ञान का एक सुंदर सच है।"
"हाँ दीदी, चाँद विज्ञान का उज्ज्वल सच है।" इतना कहकर अयांश और शुभी दोनों बड़े प्यार से चाँद की ओर निहारने लगे । चाँद भी धीरे-धीरे पूर्व से पश्चिम की तरफ़ उन्हें निहारते हुए आगे बढ़ने लगा।
_______
~राम नरेश 'उज्ज्वल'
उज्ज्वल सदन
मुंशी खेड़ा,(अपोजिट एस-169
ट्रांसपोर्ट नगर), एल.डी.ए. कालोनी,
लखनऊ-226012
मो: 07071793707
ईमेल : ujjwal226009@gmail.com


The Flower of Word by Vedvyas Mishra
The novel 'Nevla' (The Mongoose) by Vedvyas Mishra
The Flower of Word by Vedvyas Mishra







