(बाल कविता )
हुई बहुत बरसात
_____________
बादल गरजा, बिजली चमकी
आया फिर तूफान ।
खूब झमाझम पानी बरसा
भीगा हिंदुस्तान।।
पानी के संग रसगुल्ले की
हुई बहुत बरसात।
टॉफी चॉकलेट बिस्किट भी
बरसे सारी रात ।।
हाथी ने चिंघाड़ा, सिंह ने
गर्जन किया भयानक ।
लस्सी, शरबत, बर्फ़ आइस्क्रीम
गिरने लगी अचानक ।।
मैने फिर सारी चीज़ों से
भरे सैकड़ों टैंक ।
जमा कर दिया बर्फ़ आइस्क्रीम
जाकर अपने बैंक।।
शेष बची अच्छी चीजों का
लगा दिया फिर ढेर ।
बुला लिया मित्रों को अपने
नहीं लगाई देर ।
पार्टी शुरू हुई घर में ही
होने लगा धमाल।
सारे मेहमानों ने खुलकर
खूब उड़ाया माल।
मैने रसगुल्ले का जैसे
एक उठाया पीस।
चल उठ जल्दी मम्मी ने कह
थप्पड़ मारे तीस।।
आँख खुली , न दोस्त पार्टी
न कुछ था सामान।
इधर-उधर मैं देख रहा था
होकर बस हैरान ।।
____
~राम नरेश 'उज्ज्वल'


The Flower of Word by Vedvyas Mishra
The novel 'Nevla' (The Mongoose) by Vedvyas Mishra
The Flower of Word by Vedvyas Mishra







