थकी हुई इस धरा को
आराम दो।
कुछ दिन अपनी तरक़्क़ी को
विश्राम दो।
राष्ट्रों के बोझ से
अब इसे आज़ाद करो।
अपने सपनों के
पागलपन से थोड़ा
बाहर निकलो।
प्रतिपल जीवन को नोचते
इन हथियारों को डाल दो।
सेनाओं की पूजा छोड़,
राजाओं की प्रशंसा छोड़।
धरती से जीवन है सारा,
इस सत्य को जान लो,
अब धरा को आराम दो।
करो आज़ाद इन समंदरों को,
करो आज़ाद इन हवाओं को,
उड़ने दो इन रंग-बिरंगे खगों को,
इस धरा को आराम दो।
तुम्हारे आगे खड़ी धरा
द्रौपदी-सी है,
इसका चीर-हरण रोक दो।
इससे पहले कि फिर कोई विनाशक
प्रलय बन जाए, हे कृष्ण,
इस संहार को रोक दो।
बारूद की सूली पर लटकी
धरा को, हे जीसस,
उतार दो।
विनाश की लीला पर
आमादा आदमी के लालच को
थाम लो।
बस करो,
बस करो,
अब इस धरा को आराम दो।


The Flower of Word by Vedvyas Mishra
The novel 'Nevla' (The Mongoose) by Vedvyas Mishra
The Flower of Word by Vedvyas Mishra







