भीड़ में अकेला चला
"भीड़ खड़ी चहुँ ओर है, भीतर है सन्नाटा।
डर की चादर ओढ़कर, बँटा हुआ है नाता ॥
सत्य अकेला जो खड़ा, वही शक्ति का रूप।
भीड़ अंधेरी गर्त है, वह सूरज की धूप ॥
मुख पर सबके सत्य है, अंतर में अंधियार।
राह उसी की जगमगे, चले जो तज संसार ॥
भीड़ भीड़ में जी रहे, खोया दिल का चैन।
संख्या बस गिनती यहाँ, अर्थ न समझे नैन ॥
बाहर निकलो जोश से, जग चाहे कर ले शोर।
सच्चाई चमके सदा, टूटे डर की डोर ॥
भीड़ मौन में है खड़ी, अट्टहास है मौन।
अकेला सच बोलता, उससे बढ़कर कौन ॥
जागृति पीड़ा ही सही, नायक वही सुजान।
गढ़े राह अपनी स्वयं, छोड़ मोह-अभिमान ॥
विरोध तेरा जो करे, वो कोई दूजा नाँय।
डर की ज़ंजीरें बंधें, सच को घेरे पाय ॥
नींव नई दुनिया रखे, जो हो खड़ा अकेला।
वही पुराना हो गया, बदला काल का रेला ॥
इतिहासों का चक्र यह, भीड़-बागी-फिर भीड़।
क्षण भर की जागृत अवस्था, तजे पुराना नीड़ ॥
बदलावों की चाह में, इंसान टूटे नाँय।
सिस्टम से क्या साध्य है, मन न बदल जाए ॥
मानव को ही केंद्र रख, हो नूतन अविष्कार।
राह सुगम हो दर्द कम, सत्य की जले मज़ार ॥
छोड़ो जो जर्जर हुआ, नूतन को अपनाओ।
पर मानव की जो हया, उसे न तुम बिसराओ ॥
धीमे धीमे हो भले, अर्थ गहरा होय।
भीड़ तजो जीवन बने, सत्य न अपना खोय ॥
जाग्रत है जो जीव अब, कंधों ले परिवार।
भीड़ रहे पीछे सदा, सच हो खेवनहार ॥
बीच सभी के है खड़ा, पर साथी कोई नाँय।
संख्या का बस खेल है, अर्थ न मिल पाए ॥
सच बोले डरे नहीं, तजे भीड़ की छाँव।
हँसने दे इस जगत को, तू रख अपना पाँव ॥
अकेला खड़ा जो पुरुष, बदले जग की रीत।
भीड़ में जो है छुपा, भविष्य की वही जीत ॥
जीवन वही जो सत्य संग, शान से जिया जाए।
भीड़ के गंदे शोर में, सच कोई न पाए ॥
भीड़ सुगम है राह पर, पर भीतर है रिक्त।
पीड़ा सह जो खड़ा है, वही सत्य से सिक्त ॥
भीड़ दिखावे का शहर, भीतर शोर अपार।सत्य खड़ा है मौन में, तज कर सब संसार ॥
भीड़ ओढ़ावे बेड़ियाँ, संख्या का अभिमान।
एक अकेला जो चले, वही वीर बलवान ॥
नया दौर जो लाएगा, कल होगा वो जीर्ण।
क्रांति वही जो चेतना, कर दे शुद्ध-विदीर्ण ॥
तंत्र बदल कर क्या मिला, मन में रहे विकार।
मानवता को केंद्र रख, कर नूतन श्रृंगार ॥
भीड़ सुरक्षित देह को, मन को करे फकीर।
अकेला ही लिखता सदा, किस्मत की तहरीर ॥"
- ललित दाधीच


The Flower of Word by Vedvyas Mishra
The novel 'Nevla' (The Mongoose) by Vedvyas Mishra
The Flower of Word by Vedvyas Mishra







