(बाल कविता)
शिक्षा का आधार कलम है
__________________
शिक्षा का आधार कलम है ।
जीवन का विस्तार कलम है ।।
चुप रह कर भी सब कुछ कहती
जज्बातों को ज़ाहिर करती
गीत ग़ज़ल कविता कह जाती
सबके दिल की बात सुनाती
इसका दामन थामे रहना
हाथों का श्रृंगार कलम है ।
शिक्षा का आधार कलम है ।।
कोरे कागज़ को रंग देती
उद्वेलित मन को कर देती
परिवर्तन जीवन में लाती
जंग जीतना भी दिखलाती
बड़े-बड़े ग्रंथों को लिखती
विद्वानों का सार कलम है।
शिक्षा का आधार कलम है ।।
लाल, गुलाबी, नीली, काली,
हर ताले की है यह ताली,
कठिन सवालों को हल करती,
कलुषित मन को निर्मल करती,
हर दिल में जो बहता हर पल,
उस जल की जलधार कलम है ।
शिक्षा का आधार कलम है ।।
ज्ञान दीप को बाले रखती
नहीं किसी को अनुचित कहती
अक्षर-अक्षर लिखने वाली
मोती जैसे दिखने वाली
सच कहता हूँ इस दुनिया में
सबका साथी यार कलम है ।
शिक्षा का आधार कलम है ।।
जिसने इसको अपनाया है
मान सदा उसने पाया है
जोड़ घटाना गुणा भाग कर
जीवन का सारा हिसाब कर
जाना है मैंने इतना बस
मानव का संसार कलम है ।
शिक्षा का आधार कलम है ।।
जैसे जिसके हाथ लगी ये
वैसे फूली और फली ये
किसी को फन्दे पर लटकाती
और किसी को रिहा कराती
बड़ी-बड़ी बाधाएँ कटतीं
बहुत तेज़ तलवार कलम ।
शिक्षा का आधार कलम है ।।
*******
~राम नरेश 'उज्ज्वल'


The Flower of Word by Vedvyas Mishra
The novel 'Nevla' (The Mongoose) by Vedvyas Mishra
The Flower of Word by Vedvyas Mishra







