मूल ऊर्जा एक थी, जब सृष्टि का आरंभ था,
एक ही अखंड नाद में, हर अर्थ का प्रारंभ था।
वेद की ऋचाओं सा, वह शब्द अति गंभीर था,
जटिलता की परिधि में, बंधा हुआ समीर था।
काल के प्रवाह संग, फिर दूरी बढ़ी विस्तार की,
टूटकर बिखरने लगी, संरचना आकार की।
मूल को बचाने हेतु, आवरण बदल गए,
जटिल शब्द खंड होकर, सरलता में ढल गए।
ब्रह्मांड के वितान सा, जब भाव का प्रसार हुआ,
हर ध्वनि के कंपन में, भाषा का संसार हुआ।
अंक, शब्द, संकेत सब, जुड़ने के ही सूत्र हैं,
अनंत इस आकाश में, ध्वनियाँ ही तो दूत हैं।
कर्ता न अकर्ता वह, न उलझनों में पड़ता है,
सरल मार्ग विस्फोट से, नव-सृष्टि वह गढ़ता है।
पूर्ण जब विखंडित हो, बिखरता है शून्य में,
हर कण स्वयं पूर्ण होकर, जन्म लेता पुण्य में।
पर खोजता जो सत्य को, उस जीव का प्रमाण क्या?
काल के कपाल पर, शेष उसका त्राण क्या?
स्वयं को जो जान ले, या ईश को पहचान ले,
अंततः विलीन होना, सत्य यह भी मान ले।
शेष भी निगल गया, जब शेष के अस्तित्व को,
तो ज्ञान क्या और बोध क्या, इस नश्वर व्यक्तित्व को?
जो मिला है घूम-फिर कर, क्या वही आधार है?
या शून्य में विलीन होना, ही परम विस्तार है।
- ललित दाधीच


The Flower of Word by Vedvyas Mishra
The novel 'Nevla' (The Mongoose) by Vedvyas Mishra
The Flower of Word by Vedvyas Mishra







