सुरक्षा का अर्थ नहीं किसी को बंद कर देना,
सुरक्षा है हर एक मन को मुक्त वातावरण देना।
कोई वस्तु बना यहाँ, कोई कमाने का साधन मात्र,
कैद है हर चेतना, आज़ाद है अब मन कहाँ।
अपराध का ये चक्र तो आंतरिक कमजोरी की देन है,
जब तक न टूटेगा ये चक्र, कहाँ मन को चैन है।
बाहर की लाचारी का बदला भीतर आ कर लेता है,
जो सबसे सहज निशाना है, उसे ही कष्ट देता है।
घायल हुआ अहंकार जब पुरुष का बाहर रोता है,
तब घर के अंदर ही कोई मासूम सुख खोता है।
जमा होती है भीतर जो एक गहरी हीन भावना,
क्रोध बन कर तोड़ देती है हर सुंदर कामना।
घर में भी बेगाना सा वो जीवन बिताता रह गया,
खून-पसीने से बना जो, वो मकां बस रह गया।
कमाने की इस दौड़ में जब पाँव उसके थक गए,
निकम्मा कह कर अपनों ने ही घाव दिल पर दे दिए।
बचपन से बस उम्मीद का इक बोझ बन कर रह गया,
अपनों के ही कड़वे वचनों को वो चुपचाप अंदर सह गया।
पुरुष का इस संसार में कोई भी घर होता नहीं,
बाहर ही खटना है उसे, विश्राम का अवसर नहीं।
जब देह का कौतूहल थमेगा, ध्यान कर्म पर जाएगा,
भटकाव से मुक्त हो कर, हर व्यक्ति पूर्णता पाएगा।
संशय मिटेगा जब यहाँ, हर आँख पावन हो जाएगी,
काया किसी की देख कर, नीयत न फिर भटकाएगी।
प्राकृतिक बनावट है जो, वो तो सहज इक सत्य है,
गंदा कहना इसे, इंसानी सोच का गर्त है।
विपत्ति में कैसे खुद को संभाले, ये सिखाया ही नहीं,
भोजन बनाना, जीविका, कुछ भी बताया ही नहीं।
शरीर की और मन की सच में समझ देनी थी जो,
आत्मनिर्भर जो बना दे, वो विधा देनी थी जो।
रटना सिखाया बस यहाँ, जीना सिखाया ही नहीं,
कपाट जो मन के खोले, वो ज्ञान आया ही नहीं।
ठहरे हुए तालाब सी मासूमियत की उम्र थी,
भीतर की जो ख़ामोशी थी, वही तो सच्ची भोर थी।
जब तक न पूरी एक इकाई मानेंगे हम इंसान को,
बदलेगा कैसे ये जहाँ, बदलो ज़रा इस ध्यान को।
मशीन की तरह दिन-रात खटना ही पुरुष का भाग्य है,
इस झूठे मान के पीछे छिपा एक भारी वैराग्य है।
नारी को बस इक भोग की मूरत समझ कर रख दिया,
उड़ने की आज़ादी को रूढ़ियों के पर्दे से ढक दिया।
सांचों में ढल कर रह गई पहचान इस संसार की,
मलबे में दबी है हर सदा इंसानी इक़रार की।
- ललित दाधीच


The Flower of Word by Vedvyas Mishra
The novel 'Nevla' (The Mongoose) by Vedvyas Mishra
The Flower of Word by Vedvyas Mishra







